शहर के बारे में


मोदीनगर उत्तर प्रदेश राज्य के गाजियाबाद जिले में एक तहसील है जो दिल्ली से लगभग ५० कि॰मी॰ उत्तर दिशा में स्थित है। यह निकटवर्ती शहरों, मेरठ व गाजियाबाद से २४ कि॰मी॰ दूर है। यह उद्योगपति मोदी का गृह स्थान है और यहीं पर शहर के संस्थापक रायबहादुर गूजर मल मोदी ने मोदी उद्योग की नींव रखी थी। इस कारण यह एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र रहा है। पिछले कुछ वर्षों में मोदीनगर की उन्नति शिक्षा के क्षेत्र में भी द्रुत गति से हुई है। मोदीनगर में औद्योगिक क्रांति तो आई, किंतु शहर हरे भरे खेतों एवं बागों आदि से घिरा रहने के कारण यहां पर्यावरण का सान्निध्य भी भरपूर मिलता है। मोदीनगर की स्थिति यह २६.८६ उत्तर अक्षांश एवं ८०.९१ पूर्व रेखांश में है। यह शहर गाजियाबाद के उत्तर-पश्चिम में राष्ट्रीय राजमार्ग- ५८ (गाजियाबाद-देहरादून) पर मेरठ व गाजियाबाद के ठीक बीच में स्थित है। इससे लगा तीसरा शहर है हापुड़। राजमार्ग के समानांतर ही उत्तर रेलवे का दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग भी जाता है।

मोदीनगर से ही एक पक्की सड़क हापुड़ (२३ कि.मी) को भी जाती है। सन २००१ की जनगणना अनुसार, मोदीनगर की जनसंख्या ११२,९१८ है, जिसमें से ५३% पुरुष एवं ४७% स्त्रियां हैं। मोदीनगर का औसत साक्षरता दर ७५% है। यहां की ११% जनता छः वर्ष से नीचे है। इस शहर की स्थापना १९३३ में रायबहादुर गूजर मल मोदी ने यहां मोदी चीनी मिल के आरंभ से की थी।इसका नाम अपने वंशनाम मोदी पर मोदीनगर बना कर रखा था। यहां मूलतः बेगमाबाद गाँव था, जिसका ५७१ एकड़ भाग अब इस कस्बे में आता है। बेगमाबाद की स्थापना नवाब ज़ाफर अली ने अपनी एक दिल्ली की बेगम के नाम पर की थी। इसका महत्व व मूल नाम मोदीनगर की औद्योगिक प्रगति के चलते समाप्त सा ही हो गया है। इसके साथ ही १९३९ में कोटोजेम वनस्पति और १९४० में साबुन उद्योग आरंभ किया। इस कंपनी के साबुन में खास बात यह थी, कि अबतक निर्मित साबुनों में चर्बी प्रयोग होती थी,किंतु गूजर मल जी के निर्देश पर पहली बार वनस्पति से पूर्ण हर्बल साबुन का निर्माण हुआ। उसके बाद यहां १९४१ में टिन उद्योग तथा खाद्य पदार्थ उद्योग स्थापित हुए, जिसमें से खाद्य पदार्थों की आपूर्ति भारतीय सेना के लिए की जाती थी। १९४३ में यहां बिस्कुट फैक्ट्री लगाई गई। लगा तीसरा शहर है हापुड़। राजमार्ग के समानांतर ही उत्तर रेलवे का दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग भी जाता है। १९४४में मोती ऑयल मिल की स्थापना हुई। मोदीनगर में मोदी के उद्योगों में मुख्यतः चीनी, खाद्य तेल, कपड़ा (रेयॉन एवं रेशम सहित), साबुन, पेण्ट-रोगन, वार्निश, लालटेन, ग्लीसरीन, सूती धागे, कार्बन डाइ ऑक्साइड एवं आटा का उत्पादन होता है। रानी बाला बाई सिंधिया द्वारा बनवाया गया एक मंदिर, जो पूर्व बेगमाबाद में आता था, अब मोदीनगर के क्षेत्र में आता है। यह मोदीनगर पुलिस स्टेशन के सामने रुक्मिणी देवी कन्या इंटर कॉलिज के निकट बना हुआ है।